
फरीदाबाद में 300 किलो विस्फोटक मिलना, डॉक्टर के घर AK-56… यह जम्मू-कश्मीर और हरियाणा पुलिस का ऑपरेशन था. 27 अक्टूबर को श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन का पोस्टर दिखना, दिल्ली की आजादपुर मंडी की रेकी की खबर, आतंकियों के निशाने पर RSS दफ्तर में धमाके की साजिश का पता चलना… ये सब यूं ही नहीं है. ऐसे समय में जब पुलिस ये सब खुलासे कर रही है, पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के आकाओं की नई साजिश का खुलासा हुआ है. खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट किया है कि आतंकियों का ‘चाचा’ हाफिज सईद भारत पर हमले के लिए नए रूट प्लान कर रहा है. इसमें वह बांग्लादेश को नए लॉन्चपैड के तौर पर देख रहा है.
सहारनपुर से पहले कश्मीरी डॉक्टर आदिल अहमद को गिरफ्तार किया जाता है. वह श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद की गतिविधियों को लेकर काफी सक्रिय था. उससे पूछताछ हुई तो दूसरे डॉक्टर मुजम्मिल शकील के बारे में पता चला. वह पुलवामा से है और फरीदाबाद के अल-फतह अस्पताल में काम करता था. Ammonium nitrate अपने इस रूप में विस्फोटक नहीं होता है, लेकिन इसका इस्तेमाल कुछ विस्फोटकों में जरूर होता है.
30 अक्टूबर को पाकिस्तान के खैरपुर तमीवाली (बहावलपुर, पाकिस्ताना) में हुई एक रैली की वीडियो रिकॉर्डिंग सामने आई. यहां लश्कर का सीनियर कमांडर सैफुल्लाह सैफ खतरनाक खुलासे करता सुना गया. उस दहशतगर्द ने कहा कि हाफिज सईद खामोश नहीं बैठा है, वह बांग्लादेश के रास्ते भारत पर हमला करने की तैयारी कर रहा है. उसने दावा किया कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी पूर्वी पाकिस्तान (यानी बांग्लादेश) में पहले से ही सक्रिय हैं और भारत को (ऑपरेशन सिंदूर का) जवाब देने के लिए तैयार हैं.
हाफिज सईद को लेकर खुफिया इनपुट के बीच जम्मू-कश्मीर और हरियाणा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की. फरीदाबाद पुलिस ने कुछ देर पहले ही बताया है कि डॉ. मुजम्मिल को पकड़ लिया गया है. कुल 360 किलोग्राम ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया गया है, जो संभवतः अमोनियम नाइट्रेट है. इसके अलावा एक एसॉल्ट राइफल, 3 मैगजीन, एक पिस्टल मिली है. आरोपी एक यूनिवर्सिटी में भी पढ़ाता था. 15 दिन से उसके खिलाफ पुलिस की टीमों ने जाल बिछा रखा था.
सीक्रेट इनपुट को खंगालने से पता चलता है कि हाफिज सईद ने स्थानीय युवाओं को ‘जिहाद’ की घुट्टी पिलाकर कट्टरपंथी बनाने और उन्हें आतंकवादी प्रशिक्षण देने के लिए बांग्लादेश में एक करीबी सहयोगी को भेजा है.
वीडियो में सैफ को खुलेआम लोगों को भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए उकसाते हुए भी देखा जा रहा है. चिंता की बात यह है कि इस कार्यक्रम में बच्चे भी दिखाई देते हैं. साफ है कि पहले की तरह अब भी आतंकवादी संगठन भारत के खिलाफ ‘जिहाद’ की बात कहते हुए नाबालिगों का शोषण करने पर तुला है.