
लखनपुर पुलिस स्टेशन को प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ी फेरबदल के तहत अब एडीपीओ बसोली के अधीन कर दिया गया है। यह पहली बार है जब कठुआ शहर से मात्र कुछ किलोमीटर की दूरी पर मौजूद लखनपुर पुलिस स्टेशन को लगभग 80 किलोमीटर दूर बसे बसोली के एडीपीओ को सौंपा गया है। इससे पहले लखनपुर थाना कठुआ डीएसपी डीआर के अधीन कार्य करता आया था। सवाल यही है कि जब लखनपुर क्षेत्र भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक रूप से कठुआ से सीधे जुड़ा है, तो उसे इतने दूर बसोली एडीपीओ के अधीन क्यों रखा गया क्या यह कदम किसी बड़े प्रशासनिक पुनर्गठन का हिस्सा है या फिर किसी विशेष रणनीति का नतीजा. लखनपुर पुलिस स्टेशन शुरू से ही कठुआ डीएसपी डीआर के अधीन रहा है और इसी ढांचे के तहत यहां कानून-व्यवस्था को हमेशा प्रबंधन मिला है। लेकिन इस बार प्रशासन ने पारंपरिक ढांचा बदलकर एक नया सेटअप तैयार किया है, पुलिस विभाग के अंदरूनी हलकों में भी इस फैसले को लेकर खामोश हलचल है। कई अधिकारी मानते हैं कि लखनपुर एक हाई-सेंसिटिव एंट्री प्वाइंट होने के कारण इसे कठुआ के नजदीकी सर्कल में ही रहना चाहिए था। वहीं कुछ लोग इसे आने वाले समय में होने वाले बड़े प्रशासनिक बदलावों का संकेत भी मान रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस परिवर्तन के पीछे विभागीय उच्च स्तर का निर्णय बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक वजह अभी तक सामने नहीं आई है। यही अस्पष्टता इसे और अधिक चर्चित बना रही है।