
उत्तरी कश्मीर रेंज में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। रेत माफिया को खत्म करने और नदी तटों की सुरक्षा के उद्देश्य से एक बड़े अभियान के तहत इस वर्ष अब तक 129 एफआईआर दर्ज की गईं हैं। 155 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और 154 वाहन जब्त किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई बारामुला रेंज पुलिस मुख्यालय की ओर से की गई। यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है जब बड़े पैमाने पर रेत खनन को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं जिससे नदी तटों और नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य तथाकथित रेत माफिया पर लगातार दबाव बनाना है।जम्मू-कश्मीर पुलिस के उत्तरी कश्मीर रेंज के डीआईजी मकसूद उल जमान ने जोर देकर कहा कि अवैध खनन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन एक अपराध है, कोई पेशा नहीं। अपराधियों पर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आगे कहा कि ”लाइसेंस नहीं, तो बच नहीं सकते” अभियान का मार्गदर्शक सिद्धांत बना रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वैध परमिट वाले लोगों को ही खनिज निकालने की अनुमति होगी। डीआईजी ने कड़े शब्दों में कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।