
मंडी (पुंछ)। बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को मंडी स्थित श्री बाबा बुद्धा अमरनाथ मंदिर परिसर का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर के आसपास लगे विभिन्न लंगरों का निरीक्षण किया और वहां पर बनाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और भंडारण की स्थिति की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने लंगर संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, ताजा सामग्री के उपयोग और भोजन को ढककर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि यात्रियों को परोसा जाने वाला भोजन सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक हो।
विभाग ने कुछ स्थानों पर छोटी-मोटी खामियों को चिन्हित करते हुए मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-समय पर औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति ने विभाग की पहल का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित लंगर सुविधा मिल सके।