
रामनगर: सरकारी स्कूलों में काम कर रहे रसोइयों ने वेतन बढ़ाने और लंबित वेतन की अदायगी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। रसोइयों ने हड़ताल पर जाते हुए साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, वे स्कूलों में खाना नहीं बनाएंगे।
प्रदर्शन कर रही रसोइयों ने कहा कि उन्हें पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिला है और जो वेतन मिल रहा है, वह भी बेहद कम है जिससे गुजारा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि उनका वेतन तुरंत बढ़ाया जाए और लंबित वेतन का भुगतान किया जाए।
रसोइयों ने यह भी कहा कि अगर सरकार चाहे तो उन्हें काम से हटा सकती है, लेकिन जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक वे किसी भी स्कूल में खाना नहीं बनाएंगे। हड़ताल के कारण कई स्कूलों में मिड-डे मील योजना प्रभावित हो सकती है।
रसोइयों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो उनका प्रदर्शन और उग्र रूप ले सकता है।