शेषनाग झील कटाई मामला: शिवसेना ने की काम तत्काल रोकने और निष्पक्ष जांच की मांग

0
WhatsApp Image 2026-11-25 at 2.17.50 PM
Alertindianews.in पर ताजातरीन खबरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

उपराज्यपाल स्थिति स्पष्ट करें, शिवसैनिकों को मिले शेषनाग जाने की अनुमति : मनीष साहनी

जम्मू : पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित अति-संवेदनशील शेषनाग झील के समीप भारी मशीनरी से पहाड़ों की कटाई किए जाने की खबरों पर आज शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जम्मू-कश्मीर इकाई ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान शिवसैनिकों ने हाथों में ‘शेषनाग में धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बंद करो’, ‘पहाड़ों की कटाई तत्काल रोको’, ‘BRO परियोजना के दस्तावेज सार्वजनिक करो’ और ‘स्वतंत्र जांच कराओ’ जैसे संदेश लिखे प्लेकार्ड लेकर प्रशासन से जवाब मांगा।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मनीष साहनी ने कहा कि 11,730 फीट की ऊंचाई पर स्थित शेषनाग झील कोई सामान्य जलस्रोत नहीं, बल्कि हिमालय का अत्यंत संवेदनशील ग्लेशियल क्षेत्र है। समाचार पत्रों की रिपोर्टों व तस्वीरों से स्पष्ट हो रहा है कि वहां बड़े पैमाने पर पहाड़ों को काटा जा रहा है, जो हिमालय की नाजुक पारिस्थितिकी, करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और बाबा अमरनाथ की पवित्र यात्रा की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
साहनी ने सीमा सड़क संगठन (BRO) के केवल रास्ता चौड़ा करने के दावे पर सवाल उठाते हुए परियोजना से संबंधित सभी सरकारी दस्तावेज, स्वीकृतियां, डीपीआर (DPR), नक्शे और पर्यावरणीय मंजूरियां सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिना समुचित पर्यावरणीय प्रभाव आकलन और आपदा जोखिम अध्ययन के ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में निर्माण कार्य जारी रखना किसी बड़ी त्रासदी को न्योता देना है।
राजनीतिक दोहरेपन पर तंज कसते हुए साहनी ने कहा कि वर्ष 2008 में श्री अमरनाथ बेस कैंप के लिए एक इंच जमीन तक देने से इनकार करने वाले कश्मीरी नेता आज सनातन आस्था की आड़ लेकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, खुद को हिंदू हितों का रक्षक बताने वाले हमारे अपने जनप्रतिनिधि भी न आस्था के सम्मान में आगे आ रहे हैं और न ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर कुछ बोल रहे हैं—वे पूरी तरह खामोश बैठे हैं।
साहनी ने मांग की कि उपराज्यपाल व प्रशासन शिवसैनिकों और हिंदू नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को शेषनाग जाकर जमीनी हकीकत देखने की अनुमति दें, क्योंकि अपनी आस्था के केंद्र की वास्तविक स्थिति जानना हमारा हक है। इसके साथ ही उन्होंने शेषनाग क्षेत्र में भारी मशीनरी से चल रहे सभी कार्य तत्काल प्रभाव से रोकने, विशेषज्ञों की स्वतंत्र उच्चस्तरीय समिति से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन एवं उपराज्यपाल से स्वयं आगे आकर इस मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
अंत में साहनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि इससे पहले श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के मूल स्वरूप से भी विकास के नाम पर छेड़छाड़ की गई—पहला व दूसरा दर्शन प्रभावित हुआ और अब गोंडोला परियोजनाओं के जरिए चरण पादुका, बाणगंगा व अर्धकुंवारी को बाइपास करने तथा धार्मिक स्थलों को ‘पिकनिक स्पॉट’ की तरह विकसित कर उनका स्वरूप बिगाड़ा जा रहा है, जिसे शिवसेना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।


Alertindianews.in पर ताजातरीन खबरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *