कठुआ में सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल, PWD अधिकारियों से लेकर ठेकेदारों तक जांच की मांग

0
tds
Alertindianews.in पर ताजातरीन खबरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

कठुआ/हीरानगर। जिले में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। आरोप है कि विकास के नाम पर बनाई जा रही कुछ सड़कें एक सप्ताह के भीतर ही उखड़ने लगी हैं, जिससे लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित कार्यों की गुणवत्ता की जांच करवाने की मांग करते हुए विभाग के SE, EXEN और AEE स्तर के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों के आरोपों के अनुसार, साहार लोगेट क्षेत्र में करीब 1 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य करवाया गया, लेकिन सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों और DPR के अनुरूप काम नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। लोगों का दावा है कि निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता ठीक नहीं थी और सड़क की हालत जल्द खराब होने लगी।

इसी तरह, टीडीएस कॉलेज से भेड़िया पत्तन तक करीब 28 लाख रुपये की लागत से सड़क पर तारकोल डालने का काम किया गया, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार एक सप्ताह के भीतर ही सड़क उखड़ने लगी। वहीं, कूटाह से धम्याल होते हुए सतूरा लिंक रोड, हीरानगर पर करीब 40 लाख रुपये की लागत से ब्लैक टॉपिंग का कार्य करवाया गया। इस सड़क की गुणवत्ता को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं और निर्माण में कथित तौर पर घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है।

स्थानीय निवासी प्रदीप खजूरिया ने कहा कि सड़क पर इस्तेमाल की गई सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता बेहद घटिया नजर आ रही है। वहीं सुनीता रानी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे इंतजार के बाद सड़क बनी, लेकिन यदि निर्माण इसी तरह किया जाएगा तो ऐसी सड़क बनाने का क्या फायदा? उन्होंने कहा कि पहले सड़क की हालत बेहतर थी, जबकि अब इसकी स्थिति दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकती है।

वहीं सन्नी शर्मा ने विधायक हीरानगर से अपील करते हुए संबंधित ठेकेदार के बिलों का भुगतान रोकने और सड़क की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क को जल्द से जल्द निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा ठीक करवाया जाना चाहिए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्यों की निगरानी करने वाले अधिकारी मौके पर गुणवत्ता सुनिश्चित करने में विफल रहे हैं। लोगों ने SE, EXEN और AEE सहित संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच करवाने, निर्माण सामग्री के सैंपल लेकर लैब टेस्ट करवाने और ठेकेदारों के कार्यों की तकनीकी जांच करवाने की मांग उठाई है।

लोगों ने प्रशासन से सवाल किया है कि विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यदि सड़कें कुछ ही दिनों में खराब होने लगें, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी? स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।


Alertindianews.in पर ताजातरीन खबरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *