
कठुआ: #कठुआ के नेशनल हाईवे पर खुले कई होटलों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के हवाले से यह आरोप सामने आए हैं कि इन होटलों में लंबे समय से जिस्म फरोशी का धंधा फल-फूल रहा है। बताया जा रहा है कि अधिकांश होटल मालिकों ने अपने होटल लीज पर दे रखे हैं, जबकि लीज पर लेने वालों द्वारा अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, इन होटलों में सुबह करीब 5 बजे से ही संदिग्ध गतिविधियां शुरू हो जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति इन होटलों के आसपास कुछ समय तक खड़ा रहे, तो वहां होने वाली हलचल खुद-ब-खुद सवाल खड़े कर देती है। आरोप यह भी हैं कि कमरों की बुकिंग घंटे के हिसाब से की जा रही है, जो सामान्य होटल संचालन पर सवालिया निशान लगाती है।
सबसे गंभीर प्रश्न यह है कि सब कुछ जानकारी में होने के बावजूद पुलिस व संबंधित विभागों द्वारा अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई? जिन पुलिस चौकियों के अधीन ये होटल आते हैं, वहां से किसी तरह की नियमित जांच या छापेमारी की सूचना सामने नहीं आई है। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं इन होटलों को संरक्षण तो नहीं मिल रहा।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि इन आरोपों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और नेशनल हाईवे को अवैध गतिविधियों से मुक्त किया जाए।