
महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना का नाम केंद्र सरकार द्वारा बदले जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन का आग़ाज़ कर दिया है। इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले में जिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
कांग्रेस ने सरकार पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अपमान का आरोप लगाते हुए इस फैसले को तानाशाही और राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया।
जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सार्वजनिक स्थानों पर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं बल्कि गरीब, मजदूर और ग्रामीण भारत की जीवनरेखा है। योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाना उनके विचारों और योगदान को मिटाने की साजिश है।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए भाजपा सरकार का पुतला जलाने का भी प्रयास किया, जिसे मौके पर मौजूद प्रशासन ने रोका। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा लेकिन कांग्रेस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर सरकार ने यह फैसला वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि
“महात्मा गांधी किसी पार्टी के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के हैं और उनके नाम से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”