
जम्मू-कश्मीर भाजपा ने शनिवार को बड़ा राजनीतिक एलान करते हुए कहा कि वह राज्यसभा की चारों सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। इस सिलसिले में पार्टी की कोर ग्रुप की अहम बैठक पार्टी मुख्यालय जम्मू में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी तरुण चुघ ने की।
बैठक सुबह 10:30 बजे शुरू हुई और लगभग 45 मिनट तक चली। इसमें प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए भावी प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की गई।
प्रभारी तरुण चुघ ने सभी सदस्यों से सुझाव लिए कि राज्यसभा में प्रदेश की आवाज को प्रभावशाली ढंग से रखने के लिए कैसे व्यक्तित्व को भेजा जाना चाहिए। चर्चा इस बात पर केंद्रित रही कि केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि ऐसा व्यक्तित्व चुना जाए जो प्रदेश की सामाजिक और राजनीतिक विविधता का प्रतिनिधित्व कर सके।
बैठक के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी ने मीडिया से बातचीत में कहा, भाजपा ने तय किया है कि वह राज्यसभा की चारों सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हम क्रॉस वोटिंग जैसी राजनीति में विश्वास नहीं करते। हमने ओबीसी, महिला और अन्य समूहों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए नामों पर विचार किया है।
उन्होंने बताया कि इस चर्चा के निष्कर्ष को अब पार्टी मुख्यालय (दिल्ली) में शीर्ष नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां से अंतिम निर्णय और प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगेगी।