
कठुआ। सुफैन के निकटवर्ती द्रब्बड़ इलाके में रविवार देर शाम तीन संदिग्ध आतंकी देखे जाने की सूचना के बाद रात को भी इलाके में घेराबंदी रही। सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों ओर से घेरकर आतंकियों के निकलने के सभी रास्ते सील कर दिए हैं।
जंगल में भटक रहे आतंकियों के सफाए के लिए भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। सोमवार को इलाके में दिनभर सर्च ऑपरेशन जारी रहा। उधर, सुफैन के अंबे नाल में मुठभेड़ के बाद से ही सुरक्षाबल ओवरग्राउंड वर्करों की तलाश में जुटे हुए हैं। सोमवार तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों से संयुक्त पूछताछ केंद्र में पूछताछ की गई। आतंकियों को देखने या फिर मदद पहुंचाने के संबंध में भी जांच चल रही है। सुफैन से सटे अंबे नाल में ओवर ग्राउंड वर्कर हाजी के परिवार से पूछताछ के बाद अब बिलावर के धरालता इलाके से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उधर, उससे जुड़े तीन और लोगों को भी पूछताछ के लिए बिलावर पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए नगरी लाया गया।
खुफिया सूत्रों के अनुसार अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई है। वहीं, जिले के निचले इलाके में आतंकियों की मौजूदगी को देखते हुए सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के महत्वपूर्ण संस्थानों और अन्य महत्वपूर्ण इमारतों की सुरक्षा को और बढ़ा दिया है।