
कठुआ जिले के लखनपुर सेक्टर स्थित कीड़ीयां पुल के पास बुधवार दोपहर को एक नाका चेकिंग के दौरान पुलिस और तीन संदिग्धों के बीच फायरिंग हुई। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, करीब 12:30 बजे पुलिस ने कीड़ीयां से कठुआ की ओर आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया, जिस पर तीन युवक सवार थे। पुलिस के रोकने पर युवकों ने रुकने की बजाय पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की।
भागते वक्त उनकी बाइक सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे तीनों गिर पड़े और घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को काबू में लेकर तुरंत कठुआ के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में से एक की पहचान मुराद अली, पुत्र तेग अली, निवासी जखबर, कठुआ के रूप में हुई है, जिसे गंभीर चोटों के चलते जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। दूसरे आरोपी की पहचान जुका, पुत्र बशीर, निवासी सरोर, बाड़ी ब्राह्मणा, जम्मू के रूप में हुई है। तीसरे की पहचान समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मौके से एक पिस्तौल बरामद की गई है। हालांकि पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।